बसों के संचालन के विवाद में युवक को मारी गोली
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ में नेशनल हाईवे पर परिचालकों के बीच बसों के रूट को लेकर हुए विवाद के दौरान एक पक्ष ने गोली चला दी। जो एक युवक को लगी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के परिजनों ने तुरंत ही हापुड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां युवक का उपचार जारी है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव बदरखा निवासी फरमान ने थाने में तहरीर दी है। जिसमें बताया कि वह दिल्ली-मुरादाबाद रूट पर चलने वाली एक निजी बस पर चालक है और उसका भाई अब्दुल रहमान परिचालक का काम करता है। दोनों बृहस्पतिवार की रात बस में सवारी बैठा कर अमरोहा से दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान जनपद मेरठ के किठौर निवासी दानिश और शाहनवाज ने नेशनल हाईवे पर गांव सरुरपुर के पास एक पेट्रोल पंप पर उनकी बस को ओवर टेक करके रुकवा लिया। जिन्होंने अब्दुल रहमान को बस से नीचे उतार लिया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी दानिश ने पिस्टल निकाल ली और अब्दुल रहमान के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली अब्दुल के पेट में लगी। आरोपी गोली मारते ही अपनी बस में बैठकर मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने अब्दुल रहमान को तुरंत ही हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पीड़ित ने दोनों आरोपियों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीओ पवन कुमार का कहना है कि जानलेवा हमला करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रूट पर बसों के संचालन को लेकर विवाद बताया जा रहा है। घटना स्थल के निकट पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद