पशु मेले में युवक से नकदी लूटी
गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा के पशु मेला क्षेत्र में बदमाशों ने युवक को मारपीट कर 12 हजार रुपये की नकदी लूट ली। वहीं कई पशु व्यापारियों की जेब भी काटी गई। लेकिन पुलिस मामले की जानकारी से इंकार कर रही है।
हरियाणा के फरीदाबाद निवासी महेंद्र बृहस्पतिवार को कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पर दीपदान करने के लिए आया था। दीपदान करने के बाद सवारी न मिलने के चलते वह पैदल ही पशु मेला क्षेत्र से होते हुए गढ़ के लिए वापस लौट रहा था। मेला क्षेत्र में रास्ते के किनारे बैठे 4 युवकों से गढ़ का रास्ता पूछा। पीड़ित ने बताया कि युवकों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं उसकी जेब में मौजूद 12 हजार रुपये की नकदी भी लूट ली। जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। महेंद्र ने बताया कि उसने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग सकी। जिसके बाद वह किसी तरह गढ़ तक पहुंचा।
इसके अलावा पशु मेले में घोड़ा खरीदने पहुंचे संभल के पशु व्यापारी नौशाद की जेब से 80 हजार, मुरादाबाद के फुरकान की जेब से 28 हजार रुपये, दिनेश की जेब से 22 हजार रुपये की नकदी निकाल ली।
वहीं मेला सीओ डॉ. तेजवीर सिंह का कहना है कि इन सभी मामलों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है, यदि कोई भी शिकायत मिलती है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद