निफ्टेक ग्लोबल कंपनी डायरेक्टर को रिमांड पर लिया
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव चांदनेर निवासी अशोक व उसके साथियों द्वारा चिटफंड कंपनी में निवेश के मामले में बहादुरगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी को रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर गाजियाबाद में स्थित आरोपी के कार्यालय से लैपटॉप समेत अन्य सामान कब्जे में लिया है।
सीओ गढ़ पवन कुमार ने बताया कि बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव चांदनेर निवासी अशोक ने साथियों के साथ मिलकर निफ्टेक ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के नाम से चिटफंड कंपनी 2008 में शुरू की थी। उसने अपने सगे भाई धर्मपाल समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर क्षेत्र समेत आसपास के लोगों को 18 माह में धन दोगुना करने का लालच देकर फंसाया। काफी दिन तक आरोपी अशोक ने लोगों को पैसा लौटाकर पहले क्षेत्र में विश्वास बनाया, लेकिन लॉकडाउन 2020 में लोगों को पैसा मिलना बंद हो गया। अशोक अपने साथ पांच साथियों के साथ कंपनी बंद कर फरार हो गया था। क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने सभी आरोपियों के खिलाफ बहादुरगढ़ थाने में मुकदमे दर्ज कराए। चांदनेर में स्थित आवास व कार्यालय की न्यायालय के आदेश के बाद कुर्की भी की गई। बुधवार को बहादुरगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक को 11 घंटे के रिमांड पर लिया।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि रिमांड पर लेने के बाद आरोपी के आदित्य बिल्डर्स लाल कुआं गाजियाबाद स्थित ऑफिस पर ले जाया गया। वहां उसकी निशानदेही पर लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज, चेक बुक और बैंक खातों में किए गए ट्रांजेक्शन की डिटेल बरामद कर कब्जे में लिए गए। सीओ ने बताया कि सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। संवाद