पेड़ पर फंदे से लटका मिला गन्ना क्रेशर संचालक का शव
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव चांदनेर में गन्ना क्रेशर संचालक धर्मेंद्र का शव खेत में पेड़ पर लटका मिला। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में हत्या की चर्चा होती रही।
गांव चांदनेर निवासी धर्मेंद्र (40) पुत्र सुरेंद्र कुमार गांव में ही गन्ना क्रेशर (कोल्हू) का संचालन करता था। परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र गन्ना क्रेशर पर ही बने कमरे पर सोता था और सुबह क्रेशर के पास स्थित मंदिर में पूजा करने के बाद घर आता था। बृहस्पतिवार की सुबह वह घर नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास परिजनों ने खेत में देखा तो उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। मृतक के परिजन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थी कि पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ पवन कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा कि यह खुदकुशी का मामला है या हत्या का। पुलिस जांच में जुट गई है।