समाधान दिवस पर मात्र दो शिकायतों का निस्तारण
गढ़मुक्तेश्वर। शनिवार को गांधी जयंती पर अवकाश होने के चलते गढ़ तहसील सभागार में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया। जिसमें 18 फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे।
एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी, सीओ पवन कुमार समेत अन्य अधिकारी सोमवार को लखीमपुर जाने वाले किसानों व नेताओं को रोकने के लिए नेशनल हाईवे पर गांव अल्लाबख्शपुर के निकट स्थित टोल प्लाजा पर डटे रहे। इसके चलते तहसीलदार विवेक भदौरिया की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया। इस दौरान विद्युत निगम, जल निगम, समाज कल्याण, नगर पालिका, डूडा, लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। जहां पर शौचालय, भूमि पर अवैध कब्जे, चकरोड, बिजली बिलों में गड़बड़ी और मीटर को बदलवाने को लेकर शिकायतें मिली। संपूर्ण समाधान दिवस में 18 शिकायतें मिली, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया। वहीं, तहसीलदार ने अधीनस्थों से कहा कि जो भी लंबित मामले हैं, उनका जल्द निस्तारण करें। तहसीलदार ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को भी संबंधित गांवों से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।