गढ़ में सौतेली मां की हत्या करने वाला आरोपी पुत्र पप्पू गिरफ्तार।
- फोटो : GARH
बीस हजार रुपये के लिए सौतेले बेटे ने की सुलोचना की हत्या
गढ़मुक्तेश्वर। नगर की एक कॉलोनी में दिनदहाड़े सौतेली मां की गला रेतकर हत्या करने वाले आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयोग की गई दरांती और खून से सने कपड़े भी बरामद किए। वहीं पुलिस फरार चल रही आरोपी पुत्रवधू की तलाश में जुटी है।
शनिवार को एसपी दीपक भूकर सिंह ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि नगर की रिफ्यूजी कॉलोनी में रहने वाली सुलोचना की 30 सितंबर की दोपहर एक बजे उसके पुत्र पप्पू और पुत्रवधू ने मिलकर गले पर दरांती से वार कर हत्या की थी। जिसमें ढाबा मालिक हेमलता ने कोतवाली में तहरीर देकर मृतका के पुत्र और पुत्रवधू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी ने बताया कि आरोपी पप्पू को पुलिस ने मेरठ रोड पर गश्त के दौरान गांव लोधीपुर के पास से गिरफ्तार किया। वहीं हत्या करने में प्रयोग की गई दरांती और खून में सने कपड़ों को बरामद किया है। एसपी ने बताया कि आरोपी पर हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज है, जिसको गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपी पुत्रवधू की तलाश कराई जा रही है।
- हत्या का आरोप भी कबूला
आरोपी पप्पू ने पूछताछ में बताया कि सुलोचना उसकी सौतेली मां थी, पप्पू और उसकी पत्नी प्रीति सुलोचना के मकान में किराए पर 15 सौ रुपये महीना देकर रहते थे। वहीं कुछ दिन पहले पप्पू ने अपनी मां से 20 हजार रुपये भी उधार लिए थे। आरोपी पप्पू ने बताया कि चार महीने का किराया रुका हुआ था, वहीं उधार में ली गई रकम मांगने पर घर में रोजाना विवाद होता था। जिसको लेकर पप्पू ने अपनी पत्नी प्रीति के साथ मिलकर दोपहर के एक बजे घर में बेड पर सो रही सौतेली मां के गले पर दरांती से वार किया और हत्या कर दी। जिसके बाद वह घर में खून से सने कपड़े और दरांती को घर में छिपाकर भाग गए थे। संवाद