20 हजार रिश्वत लेने पर एसएसआई और हेड कांस्टेबल निलंबित
गढ़मुक्तेश्वर। सिभावली थाने में तैनात एसएसआई और हेड कांस्टेबल द्वारा एक ग्रामीण से मारपीट करने और झूठे मुकदमे में फंसाकर 20 हजार रुपये वसूलने के आरोप में एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है। सीओ द्वारा जांच आख्या के बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।
सिभावली थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर बुकलाना निवासी सुंदरपाल गिरि ने 1 सितंबर को एसपी दीपक भूकर को शिकायती पत्र दिया था। जिसने बताया कि उसका भाई सुनील गिरि 31 अगस्त की दोपहर अपने घेर में पशुओं को चारा डालने के लिए गया था। सादी वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मी ने सुनील को बिना किसी आरोप के सिंभावली थाने ले गए। पुलिसकर्मी उसे थाने के पीछे बने एक कमरे में ले गए। कमरे में उसके भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने बताया कि का कि एसएसआई लाखन सिंह, हेड कांस्टेबल आरेंद्र कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों ने एक सितंबर को 30 पव्वे अवैध शराब के साथ गिरफ्तार दिखाते हुए उसका चालान कर दिया। बाद में 20 हजार रुपये रिश्वत लेकर उसे थाने से ही जमानत दे दी। सुंदरपाल ने बताया कि उसके भाई को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। एसपी दीपक भूकर ने जांच सीओ गढ़ पवन कुमार को सौंपते हुए आख्या मांगी। सीओ पवन कुमार की आख्या पर वरिष्ठ उप निरीक्षक लाखन सिंह और हेड कांस्टेबल आरेंद्र कुमार को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद