पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर हजारों रुपये वसूले
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के एक गांव में पीएम आवास योजना में फाइल पास कराने के नाम पर एक ठग ने ग्रामीण से हजारों रुपये वसूल लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सलौनी निवासी मूलचंद ने थाने में तहरीर दी है। बताया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पंजीकरण किया था। पीड़ित ने बताया कि 18 अगस्त को एक युवक उसके पास पहुंचा और खुद को गढ़ ब्लॉक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि पीएम आवास योजना की लिस्ट में उसका नाम आया है। जिसमें ठग युवक ने उससे आईडी, पेन कार्ड, राशन कार्ड मांगे। जिसके बाद आरोपी युवक ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए 10 हजार रुपये की नकदी की भी मांग की पीड़ित ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए उसने युवक को पांच हजार रुपये की नकदी दे दी, युवक मौके से पैसे लेकर चला गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी युवक ने फिर से पांच हजार रुपये की मांग की है और परेशान कर रहा है। जिसके बारे में पीड़ित ने गढ़ ब्लॉक में जानकारी ली तो सच्चाई खुलकर सामने आई कि वहां कोई उस नाम का युवक नहीं रहता है। जिसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर हुई ठगी के बारे में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, सच्चाई सामने आने पर आरोपी पाए जाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डूडा के पीओ योगराज गौतम ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को पीएम आवास योजना के नाम पर पैसा नहीं देना है, यदि कोई अवैध वसूली करता है तो उसके बारे में तुरंत डूडा अधिकारी समेत स्थानीय पुलिस को सूचना दें।