कार पेड़ से टकराने पर मामा-भांजा घायल
गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली से संभल जा रहा कार चालक नेशनल हाईवे पर गांव अल्लाबख्शपुर के निकट अचानक नियंत्रण खो बैठा। जिससे कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। घटना में कार सवार मामा-भांजा घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दिल्ली निवासी नवी हसन रविवार की रात अपने भांजे के साथ कार में सवार होकर संभल अपनी पत्नी को लेने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार नेशनल हाईवे पर गढ़ क्षेत्र में गांव अल्लाबख्शपुर के निकट पहुंची, तो अचानक नींद की झपकी आने से नवी हसन कार से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गई। जिससे कार में सवार नवी हसन और उनका भांजा घायल हो गए, वहीं कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार दोनों घायलों को बाहर निकालते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
ब्रजघाट चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है।