गढ़-मेरठ रोड पर गिरा पेड़, एक घंटे तक लगा रहा जाम
गढ़मुक्तेश्वर। शुक्रवार और शनिवार को क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के चलते जहां एक ओर लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं परेशानी भी झेलनी पड़ी। गढ़-मेरठ रोड पर बारिश के चलते पुराना पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे गढ़-मेरठ रोड पर गांव नानपुर मे रजवाहे के निकट स्थित एक काफी पुराना पेड़ बारिश के चलते सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे बारिश रुकने के इंतजार में खड़ा एक ई-रिक्शा चालक मामूली रूप से घायल हो गया, वहीं उसका रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। वहीं घायल ई-रिक्शा चालक को स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
वन दारोगा गौरव गर्ग ने बताया कि पेड़ को काटकर रास्ते से हटवा दिया है। जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ है।