बिरसिंहपुर के जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने पर हंगामा
गढ़मुक्तेश्वर। गांव बिरसिंहपुर के जंगल में कुछ लोगों ने गोकशी की घटना को अंजाम दिया। एक खेत में गोवंश के अवशेष मिलने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव बिरसिंहपुर निवासी किसान ऐशपाल सिंह ने बताया कि उसके खेत गांव के जंगल में स्थित हैं। शुक्रवार की सुबह वह अपने खेतों पर पहुंचा, तो उसे खेतों में गोवंश के अवशेष पड़े मिले। गोवंश के अवशेष मिलने की जानकारी उसने ग्रामीणों समेत पुलिस को दी।
आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग
सूचना मिलते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। खेत में गोवंश के अवशेष और खून देख ग्रामीणों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। जिन्होंने हंगामा कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा प्रतिबंध होने के बावजूद भी कुछ लोग गोकशी की घटना को अंजाम दे रहे हैं, ऐसे लोगों को कड़ी सजा देनी चाहिए।
पुलिस ने अवशेष कब्जे में लेकर जांच की शुरू
सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिंभावली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने अवशेषों को कब्जे में ले लिया। जिनमें से कुछ को जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया गया है। वहीं शेष अवशेषों को एकत्र कर गड्ढे में दबवा दिया गया। वहीं ग्रामीणों को आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
पशु क्रूरता व गोवध अधिनियम में रिपोर्ट
खेत मालिक ऐशपाल की तहरीर के आधार पर गोकशी के मामले में पशु क्रूरता व गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पशु अवशेषों को जांच के लिए लैब भिजवा दिया गया है। मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। -पवन कुमार, सीओ गढ़