दहेज के लिए महिला को पीटकर घर से निकाला
गढ़मुक्तेश्वर। दहेज के लिए मारपीट कर महिला को घर से निकालने के मामले में पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।
सिंभावली के गांव मोहम्मदपुर खुडलिया की सुभाष विहार निवासी महिला पूजा सिंह ने बताया कि उसकी शादी जनवरी 2020 में सुल्तानपुर निवासी जितेंद्र बहादुर सिंह के पुत्र निलेश सिंह के साथ हुई थी। जिसमें उसके पिता व भाइयों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया। शादी के कुछ समय बाद से ही पति निलेश, ससुर जितेंद्र बहादुर सिंह, सास अनुराधा सिंह व देवर शिवम सिंह ने दहेज कम देने को लेकर परेशान करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उससे स्कार्पियो कार और 10 लाख रुपये नकद मांगने शुरू कर दिए। महिला ने बताया कि वह सात माह की गर्भवती थी। उस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका अल्ट्रासाउंड कराया, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जिससे इंकार करने पर आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट करते हुए उसका उत्पीड़न भी शुरू कर दिया। कई दिनों तक उसे खाना नहीं दिया गया। 24 दिसंबर को आरोपियों ने रात करीब डेढ़ बजे मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। जिसकी सूचना उसने अपने भाइयों को दी। सूचना के बाद उसके परिजन ससुराल पहुंच गए। जिनके साथ भी आरोपियों ने अभद्रता व गाली-गलौज की गई। पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में उसने सिंभावली थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
सिंभावली थाना प्रभारी राजपाल सिंह तोमर का कहना है कि एसपी के आदेश पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद