रुपये मांगने पर प्रेमी ने की थी महिला की हत्या
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला से लापता हुई महिला का शव वेदांत कॉलेज के पास मिलने के बाद पुलिस ने महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। प्रेमी ने बार-बार पैसे मांगने पर महिला की हत्या की थी।
गढ़ कोतवाली प्रभारी शीलेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र के मोहल्ला एक गांव निवासी व्यक्ति की पत्नी 24 मार्च को गांव अल्लाबख्शपुर निवासी एक किसान के यहां स्याना रोड पर स्थित टमाटर के खेतों में काम करने गई थी, जो घर वापस नहीं लौटी। जिसके बाद व्यक्ति ने गांव अल्लाबख्शपुर निवासी सलीम पर उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम एक महिला का शव स्याना रोड पर स्थित वेदांत कॉलेज के निकट एक टमाटर के खेत में मिला। जिसकी शिनाख्त अपनी पत्नी के रूप में की। मृतका के मुंह पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी सलीम की तलाश शुरू कर दी। जिसे शनिवार को मेरठ रोड से भागने की कोशिश के दौरान मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया गया। जिसे थाने लाकर महिला के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि काफी समय से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से महिला ने बार-बार उससे रुपयों की डिमांड करना शुरू कर दिया था। जिससे वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो गया। आरोपी के अनुसार उसने महिला को मिलने के लिए उक्त स्थान पर बुलाया था, जहां उसकी ही चुनरी से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद के वहा बुरी डर गया और शव को वहीं छोड़कर भाग निकला।
कोतवाली प्रभारी शीलेश कुमार ने बताया कि बहला फुसलाकर ले जाने के मुकदमे को हत्या समेत अन्य धाराओं में तरमीम कर दिया गया है। संवाद