जंगल से मिला लापता महिला का शव
गढ़मुक्तेश्वर। दो दिन से लापता चल रही महिला का शव स्याना रोड पर जंगल में पड़ा मिला। जिसकी शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के पति ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
गढ़ नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उसकी 34 वर्षीय पत्नी को गढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी बाबू बहला फुसलाकर ले गया है। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी को नामजद कर पत्नी की सकुशल बरामदगी की मांग की थी। पुलिस आरोपी और महिला की तलाश कर रही थी। शुक्रवार की शाम महिला का शव गढ़ क्षेत्र में स्याना रोड पर स्थित वेदांत कॉलेज के पास एक जंगल में पड़ा मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इसकी सूचना पति को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पीड़ित ने मृतका की खिनाख्त अपनी पत्नी के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शीलेश कुमार का कहना है कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। महिला के चेहरे पर चोट के निशान है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आएगी। वहीं उन्होंने बताया कि मृतका के पति द्वारा नाजमद किए गए आरोपी की तलाश की जा रही है। संवाद