डग्गामार बस ने दो कारों में मारी टक्कर, ड्राइवर सहित चार घायल
हापुड़। दिल्ली से मुरादाबाद जा रही एक डग्गामार बस ने हाईवे 09 पर कुचेसर रोड चौपले के पास कार में पीछे से टक्कर मार दी। कार अनियंत्रित होकर दूसरी कार से टकरा गई जिससे एक कार नाले में जा गिरी। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
शुक्रवार शाम एक डग्गामार बस दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला के शाहपुर के सामने पहुंची तो तेज रफ्तार बस ने आगे चल रही कार में टक्कर मार दी। इस कार की भिड़ंत दूसरी कार से हो गई। टक्कर के बाद कार सर्विस रोड के पास नाले में जा गिरी। जिसमें कार सवार समसुद्दीन, पत्नी शबाना, अंसार व ड्राइवर असलम निवासी सैदपुर, जिला अमरोहा घायल हो गए। यह परिवार एक बच्चे को दिल्ली में अस्पताल में दिखाकर लौट रहे थे। जबकि दूसरी कार में सवार शंकरलाल, धीरज निवासी बस्तियां टनकपुर भी घायल हो गए। धीरज की पत्नी और एक अन्य कार में मौजूद थी। इन्हें भी मामूली चोट आई। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें छुट्टी दे दी गई। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में लोगों को मामूली चोट आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।