गांव सिखैड़ा में अंडरपास बनाने की मांग को लेकर धरना देते किसान।
- फोटो : GARH
अंडरपास की मांग के लिए धरना जारी, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव सिखैड़ा में निर्माणाधीन बाइपास पर अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर चल रहा किसानों और ग्रामीणों का धरना आठवें दिन भी लगातार जारी रहा। प्रशासन की अनदेखी से गुस्साए किसानों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के ग्रामीण निर्माणाधीन बाइपास पर गांव के निकट अंडरपास बनाने की मांग को लेकर पिछले आठ दिनों से धरना दे रहे हैं। इस दौरान कई किसान संगठनों समेत राजनैतिक दलों ने भी उनके धरने-प्रदर्शन को समर्थन देते हुए अंडरपास बनाए जाने की मांग की है। लेकिन आठ दिन बीतने के बाद भी जनपद अथवा स्थानीय स्तर से कोई भी अधिकारी किसानों की समस्या सुनने के लिए नहीं पहुंचा है, जिससे किसानों का रोष बढ़ रहा है। धरनारत किसानों का कहना है कि उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही, बल्कि निर्माण कार्य करा रही कंपनी के अधिकारी उनपर मुकदमें दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं। वहीं धरने में शामिल हुए भाकियू भानू किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुवीश त्यागी ने कहा कि यदि किसानों का किसी भी स्तर से उत्पीड़न करने की कोशिश की गई, तो भाकियू भानू किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएगी। किसानों का कहना है कि उक्त स्थान पर अंडरपास की बहुत आवश्यकता है, फिर भी उनकी मांग नहीं सुनी जा रही। इस दौरान मंसूर प्रधान, अरविंद त्यागी, अजय त्यागी, राकेश गौसाई, अमित, रतनवीर त्यागी, हाजी युनुस, इकबाल खां, हाजी फारुख अली, नैपाल सिंह, संजय त्यागी, इमरान समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।