पुलिस ने 80 किलो प्रतिबंधित मांस पकड़ा
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरगाह शरीफ में पुलिस टीम ने दबिश देकर 80 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनके दो साथी भाग निकलने में कामयाब हो गए। पुलिस टीम ने मांस को कब्जे में लेते हुए जांच के लिए भेज दिया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गढ़ नगर के मोहल्ला दरगाह शरीफ में मंगलवार की सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खुर्शीद के घर पर दबिश दी। पुलिस की दबिश से मोहल्ले के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने खुर्शीद के घर से करीब 80 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। वहीं मौके से उपकरण, तराजू समेत अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस टीम ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो लोग फरार होने में कामयाब हो गए । एसएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बरामद मांस को कब्जे में लेने के बाद परीक्षण के लिए नमूने लैब भेजे गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों ने पूछताछ में अपने नाम सुंदर, शाहआलम, मुजाहिद, तालिब, इरफान, शाहनवाज, शहजाद बताए हैं। जबकि अपने फरार साथियों के नाम खुर्शीद और इरशाद बताए हैं। एसएसआई ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।