कांवड़ यात्रा : ब्रजघाट गंगानगरी में शिवभक्तों की आमद में आई तेजी
गढ़मुक्तेश्वर। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच ब्रजघाट गंगा से कांवड़ लेने आ रहे शिव भक्तों का हुजूम उमड़ने लगा है। इससे तीर्थनगरी में चहल पहल बढ़ने के साथ ही रंग बिरंगी कांवड़ों से दुकानें सज गई हैं।
अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, बरेली, संभल, पीलीभीत जनपद में सावन मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने की विशेष धार्मिक मान्यता प्रचलित है। जिसके चलते उक्त जनपदों के शिवभक्तों की आमद ब्रजघाट गंगानगरी में शुक्रवार को प्रारंभ हुई थी। रविवार को दिनभर आकाश में बादल छाए रहने से खुशगवार हुए मौसम में शिवभक्तों का ब्रजघाट गंगानगरी में हुजूम उमड़ पड़ा। जो बस, ट्रेन, ट्रक, कार, बाइक, टेंपो, थ्रीव्हीलर जैसे वाहनों में सवार होकर आ रहे शिवभक्त दूसरे सोमवार को (आज) अपने क्षेत्रों के शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। वहीं हरिद्वार से कांवड़ ला रहे जनपद बुलंदशहर के शिवभक्तों की गढ़ क्षेत्र से होकर वापसी का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भगवा वस्त्र पहने शिवभक्तों की संख्या में बढ़ोतरी होने से ब्रजघाट गंगानगरी में चहल पहल बढने के साथ ही रास्तों पर बम बम भोले और हर हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं, वहीं बाजार में दुकानों रंग बिरंगी कांवड़ों से बाजारों में दुकान भी गुलजार हो गई हैं, जहां से कांवड़ खरीदकर शिवभक्त उन्हें आकर्षक ढंग में सजाने के बाद गंगा जल भरकर अपने गंतव्य स्थलों को वापसी कर रहे हैं।
पालिका चेयरमैन ने कांवड़ सेवा शिविर का किया शुभारंभ
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ मेरठ रोड पर मध्य गंग नहर के पास कांवड़ ला रहे शिवभक्तों की सेवाभाव को लगाए गए शिविर का पालिका चेयरमैन सोना सिंह और उनकी पत्नी सुमन आजद ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शुभारंभ किया। चेयरमैन ने कहा कि ब्रजघाट गंगानगरी में कांवड़ उठाने आने वालों के साथ ही हरिद्वार और गौमुख से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों को सेवा शिविरों में पेयज, सफाई, पथप्रकाश जैसी सभी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जा रही हैं।