कट बंद कराने के लिए पहुंची सर्वे टीम को खदेड़ा
हापुड़। एनएच-235 पर धनौरा कट को बंद कराने के लिए एनएचएआई के कर्मचारी सर्वे करने पहुंचे। सूचना पर भाकियू नेता ज्ञानेश्वर त्यागी के नेतृत्व में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और सर्वे कर रहे कर्मियों को खदेड़ दिया। मामले की शिकायत एडीएम से की गई है, साथ ही ग्रामीणों ने कट को लेकर आर पार की लड़ाई लड़ने का एलान कर दिया है।
मेरठ बुलंदशहर हाईवे बनाए जाने के दौरान धनौरा गांव के पास कट दिए जाने को लेकर काफी जद्दोजहद हुई। एक महीने तक धरना प्रदर्शन किया गया था, तब कहीं जाकर एनएचएआई ने वहां कट दिया था। लेकिन इसे पक्का नहीं किया गया।
इन दिनों यातायात माह में हाईवे पर सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए अवैध कट बंद करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एनएचएआई की टीम शनिवार को धनौरा कट पर पहुंची और सर्वे करने लगी। ग्रामीणों ने सर्वे का कारण पूछा तो पता चला कि इस कट को बंद किया जा रहा है।
सूचना पर भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सर्वे रुकवा दिया, साथ ही ग्रामीणों ने कट बंद किए जाने पर आर पार की लड़ाई का एलान कर दिया। ज्ञानेश्वर त्यागी ने बताया कि इस कट से होकर धनौरा, वझीलपुर, असरा, सूदना, श्यामपुर, ददायरा, मलकपुर, कनिया कल्याणपुर, दोयमी समेत 20 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन होता है।
क्रय केंद्रों से गन्ना भी इस कट के द्वारा मिलों में सप्लाई होता है। ऐसे में यदि कट बंद हो गया तो ग्रामीणों को मेरठ या बुलंदशहर जाने के लिए मीलों चलना पड़ेगा, किसान अपने खेतों में भी नहीं जा पाएंगे। एनएचएआई के कर्मचारियों को खदैड़ कर ग्रामीणों ने एडीएम से मामले की शिकायत की। साथ ही यह भी कहा कि यदि कट को बंद किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन होगा।
इस मौके पर मुकेश त्यागी, श्रीभगवान त्यागी, प्रदीप त्यागी, ललित शर्मा, अनुराग त्यागी, कपिल त्यागी, विपिन त्यागी, जुगमेंद्र सिंह, संदीप चौधरी, बड्ढे त्यागी, मोनू जाटव, विपिन जाटव मौजूद रहे।