पिता के लिए खाना लेकर जा रहे दो सगे भाइयों को कैंटर ने रौंदा
धौलाना। पिता के लिए खाना लेकर बाइक से गुलावठी जा रहे दो सगे भाई सरताज (25) व जुनैद (23) को तेज रफ्तार कैंटर ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो रहे चालक को राहगीरों ने धुनाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। दो बेटों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
गांव सालेपुर कोटला निवासी फजर मोहम्मद राजमिस्त्री का काम करता है। उसके दोनों बेटे सरताज और जुनैद भी इस कार्य में उसका हाथ बंटाते थे। सोमवार को तीनों गुलावठी में काम कर रहे थे। दोपहर के समय दोनों भाई खाना खाने और पिता का खाना लेने सालेपुर कोटला आए थे। खाना लेकर गुलावठी जाते समय डहाना स्थित जनता इंटर कालेज के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार दोनों भाइयों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का तांता लग गया। मौके पर पहुंचे पिता फजर मोहम्मद, मां शबनम और बहनों का हाल बेहाल था। परिजनों ने बताया कि सरताज बीफार्मा के अंतिम साल का छात्र था, जबकि जुनैद इंटर की पढ़ाई कर रहा था। दोनों अविवाहित थे।
रोते रहे परिजन, सूख गए आंसू
रोते-रोते परिजनों के आंसू सूख गए। बेबस बाप की सिसकियां दिल दहलाती रहीं। छोटी बहनें जानिस्ता, अनुष्का, गुलफशां, राजिस्ता, महकशां और मां शबनम का रो रोकर बुरा हाल था।
रिश्तेदारी में आया था कैंटर चालक
पाइप से लदा कैंटर कोलकाता से लेकर हिमाचल जा रहा था। रास्ते में वह गांव बझैड़ा कला अपनी रिश्तेदारी आ गया था। यहां रुकने के बाद आगे के सफर के लिए निकला था।