रामा मेडिकल कॉलेज में गबन का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। कोतवाली पिलखुवा स्थित रामा मेडिकल कॉलेज के छात्रों की जमा 1.80 करोड़ रुपये से अधिक की फीस लेकर रफूचक्कर होने वाले कॉलेज के कर्मचारी मनोज यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 35.28 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, चार अंगूठी, एक लैपटाप, तीन मोबाइल और आधार कार्ड बरामद किया है। उसकी पत्नी को समेत दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जनपद कासगंज के सोहराब गेट निवासी मनोज यादव रामा मेडिकल कॉलेज में सीनियर एग्जिक्यूटिव के पद पर तैनात था। कुछ दिन पहले वह अपने एक साथी के साथ कॉलेज में जमा की गई छात्रों की फीस के 1.80 करोड़ लेकर फरार हो गया था। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी। दो दिन पहले ही मनोज यादव की गिरफ्तारी के लिए उसके कासगंज स्थित मकान पर दबिश दी गई, लेकिन मनोज यादव नहीं मिला था। मुकदमे में नामजद आरोपी की पत्नी राधा पुलिस के हत्थे चढ़ गई थी। राधा की निशानदेही पर 22.50 लाख रुपये और आभूषण पुलिस ने बरामद किए थे।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि राधा की गिरफ्तारी के बाद को मनोज के संबंध में अहम जानकारी मिली। शनिवार रात पुलिस ने मनोज को गाजियाबाद के डाबर तिराहा से आनंद विहार को जाने वाली सड़क स्थित पिलर नंबर 199 के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 35.28 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं।