हापुड़। पश्चिम एशिया में ईरान, इस्राइल, अमेरिका युद्ध के चलते बाजार में महंगाई का असर दिखाई देने लगा है। बाहर से आने वाले कच्चे माल की मात्रा कम होने से उसका असर सरिया, लोहा, प्लास्टिक के सामानों पर पड़ रहा है। सरिया के दाम पिछले एक सप्ताह में 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गए हैं। दाम बढ़ने से लोगों के लिए मकान बनाना महंगा हो गया है।
जिले में दूसरे राज्यों और जिलों से सरिया आता है। सरिया बनाने में प्रयोग होने वाला अधिकांश कच्चा माल बाहर से आता है। जो सरिया मार्च में 5600 से 5700 रुपये क्विंटल थी वह अब 6200 से 6300 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल तक सरिया का दाम बढ़ा है।
खुर्जा पेंच स्थित सरिया व्यापारी सुमेरचंद ने बताया कि शहर में मुजफ्फरनगर, रायगढ़, छत्तीसगढ़ से सरिया आता है। पिछले एक सप्ताह में सरिया के दाम 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल बढ़े है। अगर युद्ध की स्थिति जारी रही तो आने वाले समय में कीमतों में बढ़ोतरी होगी।