एसडीएम कार्यालय स्थित सभागार में लगे समाधन दिवस में लोगों की समस्या सुनती एसडीएम। संवाद
हापुड़। एसडीएम कार्यालय के सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान आईं 18 में से पांच शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। वहीं, धौलाना तहसील में एसडीएम मनोज कुमार ने शिकायतें सुनीं। 16 शिकायतों में से दो का निस्तारण किया गया। अधिकतर शिकायतें एलपीजी को लेकर आईं। जिनके समाधान के आदेश दिए गए। हापुड़ सदर एसडीएम ईला प्रकाश की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस लगाया गया। इस दौरान गांव सबली निवासी सुनील ने बीएसए कार्यालय से किताबों का भुगतान कराने, गांव खड़खड़ी निवासी बबीता ने आयुष्मान कार्ड बनवाने और गांव असौड़ा निवासी डॉ. ओमकार त्यागी ने गैस सिलिंडर दिलवाने की मांग की। एलपीजी गैस को लेकर आठ शिकायतें प्राप्त हुई हैं। सभी को जिला पूर्ति विभाग को समाधान के लिए भेज दिया गया है।
इसके अलावा 32 लोगों ने आंबेडकर जयंती पर कार्यक्रमों को लेकर स्वीकृति मांगी है। इन सभी को अनुमति देने के लिए थाना व एलआईयू स्तर से रिपोर्ट मांगी गई है। एसडीएम ईला प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तय समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सीओ वरुण मिश्रा, तहसीलदार स्वाति गुप्ता आदि मौजूद रहे।