संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। जेएमएस क्रिकेट अकादमी मैदान पर हापुड़ जिला वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन और टीम 11 स्लोगर्स पिलखुवा के बीच खेले गए मैच में जिला वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन ने आठ विकेट से जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर टीम-11 पिलखुवा ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर के मैच में दस विकेट खोकर 166 रन बनाए। इसमें बच्चन ने 40 गेंद में 56 रन, यश ने 26 गेंद में 40 रन और अजीत पाल सिंह बाना ने 19 गेंद में 25 रन का सहयोग दिया। हापुड़ जिला वेटर क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से गेंदबाजी करते हुए सचिन शर्मा ने चार ओवर में 27 रन देकर पांच विकेट, शिवम चौधरी ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट, प्रशांत चौधरी ने चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट और विजेंद्र ने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हापुड़ जिला वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन ने मात्र 14.2 ओवर में ही दो विकेट खोकर 170 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसमें शिवम चौधरी ने आठ गेंद में 15 रन, जयंत ने 36 गेंद में नाबाद 56 रन, उदित त्यागी ने 28 गेंद में नाबाद 71 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में भूमिका निभाई। मैच में उदित त्यागी को बेस्ट बैट्समैन, सचिन शर्मा को बेस्ट बॉलर का खिताब दिया गया। कोच नवीन सचदेवा ने सचिन शर्मा को सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया।