थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव दोयमी निवासी एक व्यक्ति ने दो लोगों के खिलाफ उधार लिए गए रुपए की एवज में जमीन का इकरारनामा कर जमीन हड़पने के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एफआईआर भी दर्ज कराई है।
उसने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। एसपी से शिकायत करते हुए गांव दोयमी निवासी ओमकार शर्मा ने कहा कि वह पशुपालन करता है और दूध बेचकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा है।
उसने केशव नगर निवासी सर्वेश यादव से भैंस खरीदने के लिए साढ़े तीन प्रतिशत की ब्याज दर पर 1 लाख 20 हजार रुपए की धनराशि उधार ली थी। इस धनराशि के लिए जमानत के तौर पर उससे पहले जमीन का इकरार करने की बात कही।
विश्वास में आकर उसने जमीन का इकरार कर दिया। इस कार्य में खर्च हुए रुपए सहित कुल एक लाख 70 हजार की रकम लौटानी तय हुई थी। सर्वेश यादव ने उसके साथ धोखाधड़ी करके दस्तावेजों में एक जीरो बढ़ाकर रकम को 17 लाख कर दिया।
इस बीच उसने उधार ली गई रकम लौटाने का भी प्रयास किया। लेकिन सर्वेश ने बहाना बनाकर रुपए नहीं लिए। समय पूरा होने पर सर्वेश यादव ने पीड़ित से 17 लाख रुपए की मांग कर डाली।
पीड़ित ने आरोप लगाते हुए कहा कि सर्वेश यादव और उसके एक साथी वीरेंद्र चौधरी निवासी शिवपुरी 26 मई की शाम को उसके घर पहुंचे। उन्होंने घर में घुसकर मारपीट की और खेत हड़पने के साथ साथ गोली मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ देहात थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। एसपी हेमंत कुटियाल ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के थानाध्यक्ष देहात को निर्देश दिए हैं।