गंगा मेले के बाद गढ़ रोड स्थित रेलवे फाटक ओवर ब्रिज निर्माण के कारण बंद हो जाएगा। इसका निर्णय एसडीएम और रेलवे के अफसरों की बैठक में लिया जाएगा। वैकल्पिक रास्तों से वाहनों को निकलवाया जाएगा।
जर्जर रास्तों को सही करने के लिए लोकनिर्माण विभाग और पालिका के अफसरों को निर्देशित किया गया है। गढ़ रोड रेलवे फाटक पर जिले का पहला चार लेन का ओवरब्रिज बन कर रहा है।
निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों का प्रवेश यहां पहले से ही बंद है। बल्कि छोटे से रास्ते से हल्के वाहनों का निकलवाया जा रहा है। जिस पर आए दिन जाम लगता है।
ओवरब्रिज निर्माण के कार्य को लेकर शनिवार को एसडीएम शमशाद हुसैन, रेलवे के निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता एनएस बघेल व अन्य रेलवे अफसरों के बीच बैठक हुई।
रेलवे अफसरों ने बताया कि फाटक के पास वाहनों के आवागमन के कारण काम करने में दिक्कत आ रही है और हादसा होने की संभावना बन रही है। इसलिए फाटक को बंद कराया जाए, ताकि तेजी से कार्य हो सके। एसडीएम ने बताया कि निर्णय लिया गया है कि गंगा स्नान के बाद गढ़ रोड फाटक बंद करा दिया जाए।
ताकि ओवरब्रिज कार्य में दिक्कत न आए। शहरवासी भी इसमें सहयोग करेंगे। एसडीएम शमशाद हुसैन का कहना है कि रेलवे फाटक पर बनने वाले फ्लाई ओवर के निर्माण को लेकर किसी प्रकार का रिस्क नहीं लिया जाएगा।
रेलवे फाटक बंद होने पर दो वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। गढ़ रोड से वाहन जरौठी, दोयमी रोड होते हुए शहर में आएंगे। एलएन पब्लिक स्कूल के रास्ते से भी शहर में आया जा सकता है।
दोनों मार्गों पर रास्ते का कुछ भाग जर्जर है। जरौठी से दोयमी मार्ग को सही कराने के लिए पीडब्लूडी और एलएन पब्लिक स्कूल वाले रास्ते को सही कराने के लिए पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।