फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा मेला शुरू, सुविधाएं अभी भी नदारद

Sun, 06 Nov 2016 10:01 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/हापुड़
विज्ञापन
अन्य - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गंगा मेला शनिवार से शुरू हो चुका है। श्रद्धालुओं और कारोबारियों का मेला स्थल पर आगमन भी शुरू हो चुका है, मगर मेला स्थल पर सुविधाएं नदारद हैं। प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, संपर्क मार्ग समेत अभी तक स्नाघाट का निर्माण नहीं हो सका है। सुरक्षा को लेकर बनाए जाने वाले थाने और सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लग पाए हैं।
विज्ञापन


 मेरठ सेक्टर में आने जाने को अस्थाई पुल बनवाने का दावा करने वाली जिला पंचायत अभी तक पुलों को तैयार कराना तो दूर बल्कि सड़कों का निर्माण भी नहीं करा पाई है। वहीं, रविवार की देर शाम तक मेरठ सेक्टर में एक भी वॉच टावर नहीं लग पाया है। इसके अतिरिक्त सदर सेक्टर के सामने मुख्य स्नानघाट समेत गंगा किनारे कई स्थानों पर वॉच टावर तो बना लिए गए हैं, परंतु उन पर पुलिस की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे अभी तक नहीं लग पाए हैं।

साथ ही बाहरी जनपदों की पुलिस की आमद सुस्त होने से मेला स्थल समेत रूट सेक्टरों पर थाने नहीं खुल पाए हैं, जिससे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पुलिस तैनात नहीं हो पा रही है। रविवार देर शाम कुछ ही पुलिस कर्मी मेला ड्यूटी के लिए आमद कराए हैं। मेला सीओ सतीश चंद्र पांडेय का कहना है कि बाहरी जनपदों से मेला ड्यूटी में आने वाले जो पुलिस कर्मी लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन


बता दें कि, डीएम एके ढींगरा ने खादर स्थल पर हुई समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को कागजी दावों की बजाय तैयारियों को अमलीजामा पहनाने की कड़ी हिदायत दी थी। अफसरों के लाख दावों के बाद भी खादर मेले से जुड़ी कोई व्यवस्था समय पर पूरी होती नहीं दिखाई दे रही है। वहीं, एनडीआरएफ टीम ने अभी तक खादर और पशु मेले में पड़ाव नहीं डाला है।


लहलहाती फसल बन सकती है अनहोनी का कारण
पिछले वर्ष सदर सेक्टर के आसपास जंगल में खड़ी फसलों का कटान नहीं हो पाया था, जिससे तीन बार आग लगने की घटना होने से मेला क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मगर पुलिस-प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने इन घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया है।

दिल्ली, बुलंदशहर, हापुड़ सेक्टर के पास वाले जंगल में खड़ी फसलों का कटान न होने से इस बार भी आग लगने का खतरा मंडरा रहा है। मेलाधिकारी आरएन पांडेय का कहना है कि शेष बची फसलों को काटा जा रहा है। लापरवाही पर तहसील प्रशासन से फसल कटवाकर मनमानी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

टैक्स के विरोध में आंदोलन की दी चेतावनी
प्रजापति महासभा जिलाध्यक्ष डॉ. रमेश प्रजापति, प्रजापति समाज कल्याण युवा समिति प्रदेश अध्यक्ष पीतम सिंह प्रजापति और प्रदेश महासचिव श्रीराम प्रजापति ने खादर मेले में आयोजित होेने वाले अश्व मेले के व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

साथ ही मेलाधिकारी को रजिस्ट्रेशन से लेकर लोडिंग और अनलोडिंग जैसे टैक्सों के नाम पर धड़ल्ले से वसूली के विरोध में ज्ञापन दिया। वहीं, मेलाधिकारी ने बताया कि सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के साथ टैक्स की आड़ में अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी।

वहीं, रालोद ने गन्ना पेमेंट न मिलने से आर्थिक तंगी में घिरे किसानों से मेले के दौरान टैक्स न वसूले जाने की मांग उठाई। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो.अब्बास अली ने जिला पंचायत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

मेला आयोजन समिति ने किया निरीक्षण
मेले का आयोजन कर रही जिला पंचायत से जुड़ी समिति ने सपा प्रदेशीय सचिव सतपाल यादव के नेतृत्व में मुख्य स्नानघाट, बैरिकेडिंग, अस्थाई सड़क, पुल, पथप्रकाश, पेयजल सुविधा की जांच पड़ताल की। उन्होंने चेतावनी दी है कि गंगा भक्तों से जुड़ी सुविधाओं में कोई खामी सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्तिक पूर्णिमा मेले के मद्देनजर आबकारी विभाग ने रविवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभाग ने 75 लीटर कच्ची शराब समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही टीम ने दो भट्ठियों का भी भंड़ाफोड़ किया है।

गढ़ आबकारी निरीक्षक प्रगल्भ लवानिया ने बताया गंगा मेले के मद्देनजर आबकारी टीम ने ब्रजघाट रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक बाइक की तलाशी लेने पर केन में भरकर ले जाई जा रही 35 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।

टीम ने बाइक और शराब को कब्जे में लेकर रामपाल और होरीलाल निवासी गांव बलवापुर को गिरफ्तार किया है। वहीं, चक लठीरा और चक की मढै़या गांव के जंगल में छापामार कर गन्ने के खेतों में चल रही कच्ची शराब बनाने की दो भट्ठियों का भंड़ाफोड़ किया। टीम ने मौके से 40 लीटर कच्ची शराब समेत 1500 लीटर लहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इस दौरान शराब बना रहे लोग भाग निकले।

बोले अफसर
एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि पुलिस व आबकारी टीम को सतर्कता से ड्यूटी करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शराब ब्रिकी मेला स्थल पर होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लापरवाही मिलने पर संबधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि आबकारी विभाग की चार टीमों का गठन किया गया है। एक टीम मेले के मुख्य गेट पर तैनात रहेगी। जबकि अन्य टीम मेला स्थल, होटल और ढाबों पर निगाह रखेगी।

मेले के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
गढ़मुक्तेश्वर। खादर मेले में आने जाने के दौरान गंगा भक्तों को ट्रेन की किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा। मेले के दौरान रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। साथ ही गढ़ स्टेशन पर लंबी दूरी की कई ट्रेनों का ठहराव भी होगा।

बता दें कि गंगा मेले में प्रतिवर्ष 30 लाख से भी अधिक भक्तों का आगमन होता है। इसके मद्देनजर रेलवे ने मेले के दौरान ट्रेनों की किल्लत दूर करने की रूपरेखा तैयार की है। चतुर्दशी और पूर्णिमा को मुरादाबाद से वाया गढ़ होते हुए दिल्ली तक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।

इसके अलावा मेले के मद्देनजर कई ट्रेनों का मेलावधि के दौरान गढ़ स्टेशन पर ठहराव होना भी प्रस्तावित है। स्टेशन अधीक्षक आरपी मीना बताया कि मेले के मद्देनजर स्पेशल ट्रेन का संचालन होना है। पूर्णिमा को में दिल्ली-लखनऊ रूट पर संचालित होने वाली लंबी दूरी की कई ट्रेनों का गढ़ स्टेशन पर ठहराव होगा, जिनकी लिस्ट दो दिन के भीतर आ जाएगी।

गढ़ के पौराणिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में 10 नवंबर को कुश्ती का आयोजन होगा। इस दौरान ओलंपियन नरसिंह यादव समेत देश के राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के नामी गिरामी पहलवान दंगल में भाग लेंगे।


गढ़ खादर का महाभारत कालीन कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला अटूट धार्मिक आस्था का प्रतीक है। मेले में आने वाले श्रद्धालु भक्ति की भावना में लीन होने के साथ ही विभिन्न प्रकार से अपना मनोरंजन करते हैं। किसान पृष्ठभूमि से जुड़े इस मेले में आने वाले लोग गंगा किनारे कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबाल, क्रिकेट, फुटबाल जैसे खेलों का जमकर लुत्फ उठाते हैं। मेले में 10 नवंबर को विशाल दंगल का आयोजन होगा।

इसमे ओलंपियन नरसिंह यादव समेत देश से जुड़े राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के नामी गिरामी पहलवान अखाड़े में अपना दमखम दिखाएंगे। मेला आयोजन समिति प्रतिनिधि और सपा प्रदेशीय सचिव सतपाल यादव ने बताया कि मेला स्थल पर विशाल दंगल का आयोजन होगा। भारत केसरी और हिंद केसरी समेत विभिन्न प्रदेशों के सिरमौर पहलवान इसमे भाग लेंगे। विजेता को 1.51 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में दंगल का आयोजन होने से युवा वर्ग में कुश्ती के प्रति रुझान बढ़ेगा।
 

 गंगा मेले में अफसरों और श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए नौ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेला स्थल में यातायात व्यवस्था सुचारू रहे इसके लिए यातायात पुलिस ने व्यवस्था की है। मेला स्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए भारी वाहनों के लिए गढ़ कस्बे के अस्थायी बस स्टैंड के पास, हल्के वाहनों के लिए सेक्टरों के पीछे, बाजार सेक्टर में मुख्य दर से बांयी व दांयी ओर, बुलंदशहर दिल्ली सेक्टर के लिए बुलदंशहर सेक्टर के पीछे पश्चिम में, मेरठ सेक्टर के लिए सेक्टर के पीछे पश्चिम की ओर, ब्रजघाट सेक्टर के बांए और दाहिने ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

वहीं, सरकारी वाहनों के लिए प्रशासनिक पंडाल और रिजर्व पुलिस लाइन मेला के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। टीएसआई योगेंद्र मलिक ने बताया कि मेला स्थल में यातायात व्यवस्था सुचारू रहे इसलिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग के अलावा कहीं और वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मेला स्थल पर चार क्रेन और पांच ट्रैक्टर मौजूद रहेंगे जो वाहनों के खराब होने या रास्ते में खड़े होने पर हटाने में प्रयोग किए जाएंगे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें