फर्नीचर गोदाम में आग, लाखों का नुकसान
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के माता मोहल्ला स्थित फर्नीचर के गोदाम में शनिवार रात आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटे उठने लगी। सूचना के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मश्क्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसमें घटना में लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
माता मोहल्ला निवासी सुनील कंसल ने बताया कि मोहल्ले में ही उसका फर्नीचर का गोदाम है। शनिवार देर रात अचानक गोदाम में आग लग गई। गोदाम से आग की लपटे उठता देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने फोन काल पर पीड़ित व दमकल विभाग के अधिकारियों को आग लगने की सूचना दी। पीड़ित ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन, आग विकराल होती चली गई। इस दौरान दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन जब तक आग बुझ सकी तब तक गोदाम में मौजूद फर्नीचर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से आग लगना प्रतीत हो रहा। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।