पिलखुवा। हाईवे-9 किनारे स्थित शिवा ढाबा के सामने शुक्रवार देर रात ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की भिड़ंत हो गई, जिसमें ट्रैक्टर पर सवार चार युवक घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस और एनएचएआई की कार्यदायी संस्था एप्को चेतक की टीम ने जेसीबी से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को बहाल कराया।
अमरोहा के असरफपुर फैजगंज निवासी फिरासत अली शुक्रवार की देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट भरकर अपने साथी आस मोहम्मद, मोहसीन और सलमान के साथ गाजियाबाद जा रहा था। निजामपुर में शिवा ढाबा के सामने रेत से भरे ट्रक ने ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें चारों युवक घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक फिरासत अली की हालत चिंताजनक बनी है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लगा गया। सूचना पर पहुुंची पुलिस और एप्को चेतक कंपनी के कर्मचारियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और जेसीबी से क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा तहरीर नहीं दी गई है, तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर बनी है। रात में ही वाहनों को हाईवे से हटा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करा दी गई।