गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। कोतवाली पुलिस ने कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने के दौरान पशु दौड़, फायरिंग, मारपीट व हंगामा करने के मामलों में कार्रवाई की है। पुलिस ने मेरठ मार्ग पर फायरिंग करने वाले चार युवकों के साथ ही कई अन्य हुड़दंगियों को गिरफ्तार किया है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि सोमवार की रात सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ। जिसमें कार्तिक पूर्णिमा मेले में आ रहे कुछ युवक भैंसा दौड़ कराते हुए हंगामा कर रहे थे। युवकों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग भी की। इस मामले को संज्ञान में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को नानपुर गांव के ओवरब्रिज से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने अपने नाम आर्यन नेहरा निवासी गावडी, अरुन, आर्यन उर्फ गुल्लू निवासी मोहिउदीनपुर थाना परतापुर जनपद मेरठ और उदय चौधरी उर्फ राजू निवासी पतला निवासी जनपद गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त जीप को भी कब्जे में ले लिया गया है। आर्यन उर्फ गुल्लू की निशानदेही पर घटना में प्रयोग की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
बलवा, मारपीट में भी एक दबोचा
मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ। जिसमें नगर के आंबेडकर गेट के पास कुछ युवकों ने एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इस घटना में शामिल अनुज निवासी गांव रोहटा जनपद मेरठ को मेला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। उसके साथियों को तलाश किया जा रहा है।
सार्वजनिक स्थल पर हुड़दंग कर रहे तीन गिरफ्तार
सीओ ने बताया कि बुधवार की दोपहर कुछ युवक आंबेडकर चौराहे के निकट स्याना मार्र्ग पर सार्वजनिक स्थल पर हुडदंग करते हुए नाच रहे थे। पुलिसकर्मियों के समझाने पर वह नहीं माने। जिसके बाद सुमित कुमार, शैलेश निवासी गांव भटौना और नितिन निवासी तिसोना अल्लीपुर जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया गया।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि पशु दौड़ और हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। कानून को ताख पर रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।