गढ़मुक्तेश्वर। सर्दी बढ़ते ही कोहरा गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। शुक्रवार देर रात को कोहरा इस कदर घना था कि चालकों को बीस गज की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था। ऐसे में कुछ चालकों को अपने वाहन होटल या ढाबों पर रोकने पड़े। हाईवे से गुजर रहे वाहन भी बहुत ही धीमी गति से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे।
चटक धूप निकलने का क्रम जारी रहने से फिलहाल कंपकंपाने वाली सर्दी का दौर प्रारंभ नहीं हो पाया है, परंतु रात में ओस गिरने से वाष्पीकरण की क्रिया तेजी से बढ़ने लगी है। जिससे घना कोहरा गिरने का सिलसिला तेजी पकड़ने लगा है।
शुक्रवार देर रात में एक बजते ही हवा के रुख के साथ वातावरण में घने कोहरे की परत जम गई, जिससे यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई।