हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजुर्ननगर निवासी संविदा परिचालक की आत्महत्या के मामले में न्यायालय के आदेश पर रोडवेज के एआरएम समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि संविदा परिचालक को बंधक बनाकर पिटाई कर आत्महत्या करने के लिए प्रताड़ित किया गया था। इससे क्षुब्ध होकर परिचालक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी थी।
नगर के मोहल्ला अर्जुननगर निवासी सुमन ने बताया कि उसका इकलौता पुत्र हेमंत कुमार रोडवेज डिपो हापुड़ में संविदा परिचालक था। डिपो पर तैनात एआरएम संदीप नायक, बाबू भारत शर्मा, लव शर्मा, संविदाकर्मी राहुल वर्मा, ईटीएम बाबू नवीन शर्मा व बस मालिक द्वारा गलत व झूठे आरोप लगाकर उसके पुत्र को बुरी तरह पीटा गया और आत्महत्या करने के लिए कई दिनों से प्रताड़ित किया जा रहा था।
उसके पुत्र को 24 अगस्त 2023 को चार बजे डिपो पर बुलाया गया। इस पर उसने एआरएम से बात करनी चाही तो लव शर्मा व भारत शर्मा ने उसे वापस भेज दिया। इसके बाद करीब पांच बजे आरोपियों ने उसके पुत्र को डिपो में बंधक बनाकर पीटा और आत्महत्या करने के लिए प्रताड़ित किया। इससे क्षुब्ध होकर उसके पुत्र ने करीब छह बजे जहरीला पदार्थ निगल लिया। सुसाइड नोट में उसने आरोपियों द्वारा उत्पीड़न व उकसाने से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने की बात लिखी थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रोडवेज एआरएम, बस मालिक समेत छह रोडवेज कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।