अखिल भारतीय पंचायत विकास प्रधान संगठन ने प्राधिकरण द्वारा प्रीत विहार विस्तार आवासीय योजना के लिए किसानों की भूमि अधिग्रहीत करने के बाद दस प्रतिशत विकसित भूखंड नहीं देने का आरोप लगाते हुए 15 दिसंबर को प्राधिकरण कार्यालय पर धरने की घोषणा की है।
श्यामपुर के पूर्व प्रधान राजवीर सिंह भाटी द्वारा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और जिलाधिकारी को भेजे शिकायत पत्र में कहा है कि गांव श्यामनगर, अच्छेजा, चमरी के किसानों की भूमि का आठ वर्ष पूर्व प्रीत विहार विस्तार योजना के अंतर्गत अधिग्रहण किया गया था।
जिसमें दस प्रतिशत भूमि विकसित कर किसानों को दी जानी थी। इस संबंध में प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि सभी भूखंड बिक्री कर दिये गए हैं। किसान अब एकजुट होकर प्राधिकरण की बेईमानी के विरुद्ध आंदोलन करेंगे।
उन्होंने किसानों को आह्वान किया कि 15 दिसंबर को एकजुट होकर प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और धरने में शामिल हों। उधर प्राधिकरण के सचिव एवं वित नियंत्रक विश्वजीत राय का कहना है कि किसान इस मामले को लेकर पिछले दिनों प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आरके सिंह से मिले थे।
उन्होंने तहसीलदार अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन कर किसानों की इस समस्या का समाधान करने के लिए रिपोर्ट मांगी है। इसके बाद भी किसान धरना देने की बात कह रहे है, यह उचित नहीं है।