सिंभावली। गांव दत्तियाना के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पति के नेतृत्व में क्षेत्र से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य बुधवार को रोक दिया। डंपरों के आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त होने और धूल से परेशान ग्रामीणों ने यह कदम उठाया।
ग्राम प्रधान पति रजनीश त्यागी के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण और किसान मौके पर एकत्र हो गए। रजनीश त्यागी ने कहा कि मेरठ से प्रयागराज तक बनाया जा रहा गंगा एक्सप्रेसवे गांव दत्तियाना के जंगल से होकर भी गुजर रहा है। निर्माण कार्य में कार्यदायी संस्था के ठेकेदार मानकों और नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। सुबह से लेकर रात तक मिट्टी भराव के लिए जंगल समेत गांव के आसपास डंपरों का आवागमन बना रहता है, ओवरलोड डंपरों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है। वहीं डंपरों को सही ढंग से ढककर और पानी का छिड़काव करके नहीं लाया जाता, जिससे मिट्टी उड़ती है। कई बार कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों से इस संबंध में शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सुधार नहीं हो पा रहा। जिसके चलते उन्हें मजबूरन काम रोकना पड़ा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण समस्या का समाधान कराने की मांग पर अड़े रहे।
जिसके बाद कार्यदायी संस्था के तहत काम कर रही अरिहंत कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंचार्ज रविंद्र चौधरी और ओम कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रवीण भाटी ने आश्वासन दिया कि सड़क पर पानी का छिड़काव कराया जाएगा। वहीं डंपरों से जो भी मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है उसकी मरम्मत भी कराई जाएगी। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।