परिषदीय स्कूलों में शनिवार से वार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। 702 परीक्षा केंद्रों पर 70 हजार छात्र परीक्षा देंगे। डायट से पेपर शिक्षकों को सौंप दिए गए हैं। नकलवहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए बीएसए समेत नगर, खंड शिक्षा अधिकारी औचक दौरा कर निगरानी करेंगे।
जिले में 702 परिषदीय स्कूल हैं, इनमें करीब 70 हजार छात्र अध्यनरत हैं। पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से शासन ने इस बार पेपर स्कूलों में तैयार न करा डायट में तैयार कराने के निर्देश दिए थे।
शुक्रवार को बीएसए और डायट प्राचार्य की देखरेख में शिक्षकों को छात्रों की संख्या के अनुरूप पेपर सौंप दिए गए। शनिवार को प्राइमरी स्कूल में एक पाली व जूनियर विद्यालय में दो पालियों में परीक्षा शुरू होगी।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 11.30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12 बजे से दो बजे तक चलेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि परीक्षा को अनुशासन में रहकर नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा। नगर और खंड शिक्षा अधिकारियों को निगरानी के कड़े निर्देश दिए गए हैं, वह स्वयं भी स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे।