गाजियाबाद से मुरादाबाद के बीच ईएमयू चलने का इंतजार अगले माह खत्म हो जाएगा। फरवरी में रेल बजट आने से पहले इस बहुचर्चित रेलवे ट्रैक पर ईएमयू का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि पहले जनवरी में ही ईएमयू शुरू होनी थी। मुरादाबाद रूट पर ईएमयू चलने से हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।
18 जनवरी को रेलवे संरक्षा आयुक्त ने गाजियाबाद-मुरादाबाद रेलवे ट्रैक का सीआरएस किया था। सीआरएस का निरीक्षण होते ही इस ट्रैक पर विद्युत इंजन संचालित मालगाड़ियों का संचालन हुआ था। अब इस ट्रैक से गुजरने वाली अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनों में भी विद्युत इंजन लगा दिया गया है।
लेकिन ईएमयू के चलने की यहां के यात्री कई वर्षों से प्रतिक्षा कर रहे थे। अब यह इंतजार खत्म होने वाला है। ईएमयू के संचालन से मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने वाले हजारों यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। क्योंकि सुबह के समय कुछ चुनिंदा ट्रेनें ही इस ट्रैक पर संचालित है। दोपहर के समय दिल्ली के लिये तो कोई भी पैसेंजर ट्रेन ही नहीं है।
ऐसे में ईएमयू के चलने से यात्रियों को काफी राहत मिल सकेगी। रेलवे सूत्रों की मानें तो 22 जनवरी को ही इस ट्रैक पर ईएमयू का संचालन शुरू कराना था, लेकिन किसी कारणवश ईएमयू का प्रस्ताव टाल दिया गया। अब ईएमयू चलाने के लिये सभी तैयारी रेलवे द्वारा पूरी कर ली गई है।