दहेज के लिए एक फौजी ने अपनी पत्नी को मात्र पांच दिन के नवजात के साथ घर से निकाल दिया। सोमवार को बच्चे के साथ पहुंची विवाहिता ने डीएम और एसपी के समक्ष शिकायत की। एसपी ने मामले की जांच सीओ को सौंपी है।
शिकायत करने पहुंची बुलंदशहर निवासी रीना ने बताया कि 29 नवंबर 2013 को उसकी शादी देहात थाना क्षेत्र के मलकपुर गांव निवासी एक फौजी से हुई थी। अब यह परिवार बाबूगढ़ में वर्मा कालोनी में रहता है।
फौजी फिलहाल इलाहाबाद में तैनात है और छुट्टी पर घर आया हुआ है। दस मई को रीना ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन बेटा होने की खुशी को भुलाकर फौजी ने पिछले कई माह से चली आ रही दो लाख रुपये की दहेज की मांग दोहरानी शुरू कर दी।
असमर्थता जताने पर रविवार शाम फौजी ने रीना को पांच दिन के बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। सोमवार को बुलंदशहर से अपनी मां के साथ रीना कलक्ट्रेट पहुंची और डीएम, एसपी से मामले की शिकायत की।
एसपी हेमंत कुटियाल ने सीओ को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। एसपी ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।