सरकारी स्कूलों को कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर विकसित करने का दावा करने वाले शासन और प्रशासन की पोल पूठ गांव स्थित प्राइमरी स्कूल के बच्चे खोल रहे हैं। यहां पांचवीं कक्षा के बच्चों को गिनती तक नहीं आती है।
मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम स्कूल में पढ़ाई का स्तर देख भड़क उठे। उन्होंने दोबारा निरीक्षण में सुधार न मिलने पर अध्यापकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के पूठ गांव के प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को एसडीएम आरएन पांडेय ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पांचवीं क्लास के बच्चों से 79 अंक लिखने को कहा। कक्षा के ज्यादातर बच्चों ने 79 की जगह 89 और 69 लिखा।
यह देखकर एसडीएम ने शिक्षकों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दोबारा औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल में शिक्षा का स्तर न सुधरने पर शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एबीएसए पंकज कुमार अग्रवाल ने कहा कि संबंधित स्कूल का दौरा कर पढ़ाई लिखाई का स्तर सुधारने की हिदायत दी जाएगी। इसमें कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।