गढ़मुक्तेश्वर। यह ढाबा हमारे क्षेत्र में चल रहा है, यहां काम चलाना है तो हमें फ्री में खाना देना होगा। यह धमकी क्षेत्र के गांव निवासी दो युवकों ने ढाबा संचालक को दी है। धमकी से भयभीत होकर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
ढाबा संचालक हाजी हाकमीन ने दी तहरीर में बताया कि वह हाईवे किनारे गांव सरूरपुर के पास ढाबा चलाते हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व पड़ोसी गांव निवासी दो युवक वहां आए और खाना खाने लगे। खाना खाने के बाद उसने जब दोनों युवकों से बिल का भुगतान करने के लिए कहा, तो आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपियों को गाली देने से रोका, तो उन्होंने पिटाई भी की। वहीं, आरोपियों ने कहा कि उनके क्षेत्र में ढाबा चलाना है, तो उन्हें बिना पैसे खाना देना पड़ेगा। पीड़ित ने आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।