ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करते हुए बुधवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम के कार्यालय का घेराव कर हंगामा करते हुए आंदोलन करने की चेतावनी दी।
गढ़ चौपला के स्याना रोड पर स्थित कैंप कार्यालय में भाकियू टिकैत की मासिक पंचायत हुई। जिसकी अध्यक्षता करते हुए जिला संरक्षक पीके वर्मा के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध जताते हुए सभी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में गढ़ डिवीजन कार्यालय पर पहुंच गए। जिन्होंने कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जहां वार्ता के दौरान एक्सईएन के साथ नोकझोक भी हो गई। जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने कहा कि ऊर्जा निगम द्वारा देहात में स्मार्ट मीटर लगाए जाना सीधे तौर पर किसान, मजदूर और गरीबों के हित से खिलवाड़ है। इसलिए स्मार्ट मीटर किसी भी दशा में नहीं लगने दिए जाएंगे, भले ही विरोध में कितना ही बड़ा आंदोलन क्यों न करना पड़े। खेड़ा ने जन्म और मृत्यु समेत अन्य प्रमाण पत्रों के लिए लोगों द्वारा लगातार तहसील पर चक्कर काटने के बाद भी निराशा हाथ लगने पर कड़ी नाराजगी जताई। सरकार द्वारा ड्रोन कैमरे से गावों में बनवाई गईं घरोनी के साथ ही खतौनी में त्रुटियों को अविलंब ठीक कराया जाए। प्रदीप चौधरी ने आर्थिक तंगी में घिरे किसानों को जल्द से जल्द ब्याज समेत गन्ना भुगतान दिलाने की मांग उठाई। कैप्टन राजेश चौधरी ने फसलों में बर्बादी के साथ ही सड़कों से लेकर आबादी के बीच दुर्घटना का बड़ा कारण बन रहे निराश्रित पशुओं पर प्रभावी ढंग में नकेल कसवाए जाने की मांग उठाई। इस दौरान महिला विंग जिलाध्यक्ष नीलम त्यागी, ब्लॉक अध्यक्ष सरिता देवी, श्याम सुंदर त्यागी, यामीन मलिक, महिपाल गुजराल, राजकुमार हरित, टीटू जाटव आदि मौजूद रहे।