पूर्ति विभाग की टीम ने मुदाफरा गांव में एक दुकान पर छापा मारकर करीब 150 लीटर अपमिश्रित डीजल बिना लाइसेंस के बरामद किया है।
डीजल कम दामों पर दिल्ली से लाकर सप्लाई किया जा रहा था। बाबूगढ़ थाने में डीएम के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी आरएन यादव ने बताया कि कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि किठौर रोड स्थित गांवों में दिल्ली से डीजल लाकर बेचा जा रहा है।
पूर्ति निरीक्षक अनीता बाली, विनय कुमार शर्मा के साथ एक टीम ने मुदाफरा में शहजाद की दुकान पर छापा मारा। वहां से 150 लीटर डीजल बरामद हुआ। इस डीजल को आसपास के गांवों में बेचा जाना था।
डीएम के निर्देश पर शहजाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अवैध रूप से डीजल, पेट्रोल की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नकली रिफाइंड बनाने वाली फैक्ट्री सील
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगापुरा में नकली धारा रिफाइंड बनाने की फैक्ट्री को खाद्य औषधि प्रशासन, दिल्ली की टीम और पुलिस ने बुधवार देर रात सील कर दिया। टीम ने नमूनों को जांच के लिये भेजा है।
टीम ने लाखों रुपये के माल जब्त किया है। बता दें कि नगर के मोहल्ला गंगापुरा में नकली धारा रिफाइंड बनाने वाली एक फैक्ट्री का बुधवार को भंडाफोड़ हुआ था। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक को हिरासत में लिया था।
मदर डेयरी फूड प्रोडक्ट्स कंपनी के ऑर्थोराइज्ड रिप्रेजेंटिव विजिलेंस जितेंद्र सिंह ने बताया कि नकली धारा रिफाइंड बनाने वाली फैक्ट्री में रखे लाखों रुपये के स्टॉक, रैपर, डिब्बे आदि को सील कर दिया गया है।
खाद्य औषधि प्रशासन की डीओ अर्चना धीरा का कहना है कि उन्हें मडर डेयरी कंपनी ने सूचना नहीं दी थी। पुलिस की सूचना पर टीम ने रिफाइंड के नमूनों को लिया था। कॉपीराइट के तहत यह पूरी कार्रवाई पुलिस और कंपनी के अधिकारियों द्वारा की गई थी।