सिंभावली। क्षेत्र के गांव हरौड़ा के तालाब में दिखे मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने कवायद शुरू कर दी है लेकिन तालाब में अनावश्यक पौधों की भरमार से मगरमच्छ को पकड़ पाना मुमकिन नहीं हो सका है। विभागीय टीम दिन और रात निगरानी कर रही है। वहीं, ग्रामीणों का डर लगातार बढ़ रहा है। ग्राम प्रधान दानिश का कहना है कि मगरमच्छ कभी तालाब में तो कभी तालाब के बाहर दिखाई देता है। तालाब और इसके आसपास से गुजरने वाले लोगों को कई बार दिखाई दे चुका है। इस बारे में सूचना भी वन विभाग की टीम को दी गई। लेकिन, विभागीय टीम कई बार सूचना देने के बाद गांव में पहुंची। लेकिन, खानापूर्ति कर लौट गई। बृहस्पतिवार को सूचना देने के बाद से 36 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मगरमच्छ नहीं पकड़ा जा सका है। ग्रामीण परविंद्र का कहना है कि मगरमच्छ गांव के सभी लोगों के लिए दहशत का कारण बना हुआ है। यदि किसी कारण मगरमच्छ आबादी के निकट पहुंच गया, तो खतरा बढ़ सकता है।
रेंजर करन सिंह का कहना है कि विभागीय टीम ने गांव में पहुंचकर जांच की है। तालाब में अनावश्यक पौधे, गंदगी फैली हुई है। जिस कारण मगरमच्छ की तलाश में दिक्कत आ रही है। विभागीय कर्मचारी दिन और रात की शिफ्ट में तालाब और आसपास के क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं। यदि मगरमच्छ तालाब से बाहर आता है, तो तुरंत पकड़ लिया जाएगा। अन्यथा तालाब की सफाई कराकर पकड़ने की कवायद की जाएगी।