चेकिंग करते समय युवक की बाइक चोरी
- फोटो : अमर उजाला
वाह री यूपी पुलिस! वाहन चेकिंग करते समय पुलिस के सामने से युवक की बाइक चोरी हो गई। इस वारदात से खाकी की कार्यप्रणाली पर ही सवालिया निशान लग गया है।
ददायरा निवासी मोहित का आरोप है कि वह 28 सितंबर को अपने गांव से बाबूगढ़ छावनी जा रहा था। जैसे ही वह ततारपुर बाईपास के पास पहुंचा तो पुलिस ने रोककर बाइक के कागजात मांगे।
इसी बीच पुलिस कर्मी के पास पहले से ही एक व्यक्ति खड़ा था, जिसे पुलिस कर्मी ने उसकी बाइक देकर कुछ सामान लाने को भेज दिया। काफी देर तक जब वह शख्स नहीं लौटा तो मोहित ने पुलिसकर्मियों से अपनी बाइक के बारे में पूछताछ की।
इसके बाद आरोपी पुलिस कर्मी ने बाइक की जानकारी होने से साफ इंकार कर दिया। जवाब सुनकर मोहित के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित ने विरोध किया तो पुलिस कर्मियों ने गाली गलौच कर उसे भगा दिया गया।
पीड़ित शिकायत लेकर थाना देहात पहुंचा तो पुलिस कर्मियों ने उसे डांटकर भगा दिया। बृहस्पतिवार को परेशान पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
एसपी अलंकृता सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।