फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनियंत्रित कार टेंपो से भिड़ी, एक की मौत

Sat, 10 Jun 2017 09:46 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ हापुड़
विज्ञापन
कार टेंपो से भिड़ी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुरादाबाद से दिल्ली जा रहे दो दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलटती हुई सड़क किनारे खेत में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। टेंपो में सवार लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।
विज्ञापन


मुरादाबाद निवासी मयंक पुत्र विनोद कुमार अपने दोस्त मयंक पुत्र विष्णु के साथ कार से दिल्ली जा रहा था। नेशनल हाईवे पर बाबूगढ़ के अटूटा गांव के पास किसी को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सवारी बैठा रहे टेंपो से जा टकरायी।

रफ्तार अधिक होने के कारण कार कई पलटी मारती हुई सड़क किनारे खेत में जा गिरी। मौके पर एकत्र हुए लोगों ने कार में सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला। इसमें मयंक (25) पुत्र विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन


टेंपो में सवार महिला खरखौदा निवासी सरेश सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के आधे घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस ने कार सवार घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। बाबूगढ़ एसएसआई नरेंद्र शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

वहीं नेशनल हाईवे पर जिंदलनगर के पास शुक्रवार रात दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक के हेल्पर की मौत हो गई, जबकि चालक घायल है। हस्तिनापुर मेरठ निवासी कंछिद ट्रक चलाता है। ट्रक पर उसके ही शहर का रिंकू हेल्पर है।

बताते हैं कि शुक्रवार रात वह ट्रक लेकर गाजियाबाद जा रहे थे। रास्ते में हाईवे पर जिंदलनगर के पास ट्रक दूसरे ट्रक में घुस गया। हादसे में रिंकू और कंछिद घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से रिंकू को हायर सेंटर दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।

शनिवार शाम दिल्ली के निजी अस्पताल में रिंकू की उपचार के दौरान मौत हो गई। कोतवाल दीपक त्यागी ने बताया कि दिल्ली के अस्पताल में हेल्पर की मौत हो गई है। सूचना मृतक के परिजनों को भेज दी गई है।

उधर, एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौट रहे कार सवार परिवार को मध्यगंग नहर पुल पर सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

धौलाना क्षेत्र के सपनावत गांव निवासी प्रेम सिंह का परिवार शुक्रवार को हापुड़ में अपने किसी रिश्तेदार के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर रात परिवार के लोग कार से सपनावत लौट रहे थे।

जब यह लोग बुलंदशहर रोड पर हाफिजपुर क्षेत्र की मध्य गंग नहर पुल पर पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार प्रेम सिंह, उनकी पत्नी अल्पना, बेटा जय, दीपक, हर्षवर्धन, शीशपाल, उनकी पत्नी प्रीति व दीपक घायल हो गए।

घायलों की चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। हाफिजपुर एसएचओ नरेश कुमार ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। घायलों द्वारा तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें