छह हथियार बंद बदमाशों ने दो किसानों के घर में जमकर लूटपाट की।
- फोटो : अमर उजाला
बहादुरगढ़ क्षेत्र के अल्लीपुर गांव में छह हथियार बंद बदमाशों ने दो किसानों के घर में जमकर लूटपाट की। बदमाश लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लूट कर भाग गए।
एक घर में जाग होने पर बदमाशों ने महिला को गन प्वाइंट पर लेकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव अल्लीपुर में ब्रिजेश सिंह का बेटा अरविंद भारतीय सेना में कार्यरत है,
जिसकी ड्यूटी इन दिनों जम्मू बॉडर पर चल रही है। बुधवार देर रात बदमाश दीवार कूदकर मकान में घुस आए। कमरे में रखी सेफ-संदूक का ताला तोड़कर 60 हजार नगदी, बंदूक के 50 कारतूस और लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
वारदात के दौरान परिजन मकान की छत पर सोते रह गए। इसके बाद बदमाश पड़ोस में रहने वाले किसान देवेंद्र के घर में घुस आए, जहां आहट होने पर किसान के बेटे राजा की पत्नी ललिता जाग गई।
बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया और फिर परिजनों को जगाकर बंधक बना लिया। करीब दो घंटों तक घर में डटे रहे बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरात समेत चांदी के पांच सिक्के लूट कर भाग गए।
शोर सुनकर पड़ोसियों ने बंधक परिवार को मुक्त किया। लूट की इस वारदात से गांव में दहशत फैल गई है। पीड़ित किसानों ने थाने में तहरीर है। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।