पावर कारपोरेशन के अफसरों द्वारा हापुड़ रेलवे स्टेशन के पास स्थित दो बर्फखाने का विद्युत कनेक्शन काटे जाने के विरोध में बुधवार को उद्यमियों ने अधिशासी अभियंता आफिस में हंगामा किया। इस दौरान काफी गहमागहमी के बीच निगम अफसरों ने कटे कनेक्शन को जुड़वा दिया।
हापुड़ रेलवे स्टेशन के पास प्रीति त्यागी और कविता त्यागी के नाम से दो बर्फखानों के बिजली कनेक्शन हैं। बिजली निगम के अफसरों ने एलटी लाइन से आपूर्ति होने के कारण 22 अक्तूबर तक का समय देते हुए कनेक्शन काटने का नोटिस जारी किया था।
अफसरों को इतनी क्षमता के कनेक्शन को एचटी लाइन से आपूर्ति दिलाने का निर्देश मिला हुआ है, साथ ही मीटर रूम बनाने के भी निर्देश मिले हैं। 22 अक्तूबर आने से पहले ही अफसरों ने उक्त बर्फखानों के कनेक्शन काट दिए।
इससे गुस्साए उद्यमियों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय में हंगामा कर दिया। करीब आधा घंटा चली गहमागहमी के बाद अधिशासी अभियंता ने मीटर रूम बनवाने व एचटी लाइन से आपूर्ति दिलाने की शर्त पर बर्फ खानों का कनेक्शन जुड़वा दिया।
इस मौके पर अमन गुप्ता, लोकेश सिंहल, विजय अग्रवाल, अजय त्यागी, रवींद्र सिंहल आदि मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार पर अधिक क्षमता की फैक्ट्रियों को एचटी लाइन से आपूर्ति दी जाती है। इसी के चलते यह कनेक्शन काटे गए थे, इससे पूर्व ही उपभोक्ता को सूचित भी किया गया था।