पति द्वारा पत्नी को गोली मारने का मामला
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में सोमवार रात दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी को पति द्वारा गोली मारने के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
मामले में छह लोगों को नामजद कराया गया था। अभी तीन आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
बता दें कि मोहल्ला गढ़ी में सोमवार देर रात दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर फहीम पुत्र इदरीश ने अपनी पत्नी साहिबा (21) को गोली मार दी थी। गाजियाबाद के कोलंबिया अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया था।
मंगलवार को साहिबा के पिता महराज की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति फहीम, ससुर इदरीश, सास वसीला, ननंद गुड्डी, जेठ नदीम और नईम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने आरोपी पति को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था।
बुधवार को पुलिस ने आरोपी सास वसीला, जेठ नईम को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि मामले में अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।