घने कोहरे में एक ट्रक ने लग्जरी कार को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार मोनाड यूनिवर्सिटी के वीसी मियां जान खां और उनके ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि वीसी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। रविवार सुबह ब्रजघाट गंगा पुल पर हुए हादसे के बाद हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा।
उधर, मुरादनगर में असालतनगर गांव के पास शनिवार रात लग्जरी कार की टक्कर से बाइक सवार सपा नेता आयुष त्यागी (30) की मौत हो गई, जबकि उसे दो दोस्त घायल हो गए। तीनों युवक 40 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे, मगर किसी ने मदद नहीं की।
रामपुर के यूसुफ नगर चेतरिया निवासी डॉ. मियांजान खां पिलखुवा की मोनाड यूनिवर्सिटी में वाइस चांसलर थे। वर्तमान में वह परिवार के साथ गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहते थे। पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के वीसी मियांजान खां (65) पत्नी आयशा (58) और चालक उस्मान (25) निवासी बादलपुर, गौतमबुद्धनगर के साथ स्कार्पियो से रामपुर जा रहे थे।
उनकी कार ब्रजघाट गंगा पुल पर पहुंची ही थी, तभी भीषण कोहरे के बीच सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में वीसी, उनकी पत्नी और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को गढ़ के अस्पताल में भिजवाया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
एंबुलेंस जब तक मेरठ पहुंचती तब तक वीसी की मौत हो गई, जबकि चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती वीसी की पत्नी की हालत भी नाजुक बनी हुई है। चौकी इंचार्ज एके निर्वाल ने बताया कि हादसे के बाद चालक और क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग गए, जिसके कारण हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा।
ट्रक पीलीभीत से चोकर लेकर दादरी जा रहा था। ट्रक ड्राइवर और क्लीनर की तलाश कराई जा रही है। वीसी के परिजनों की तरफ तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।