एफसीआई हापुड़ से सस्ते गल्ले के 300 बोरे गेहूं लेकर नवीन मंडी जा रहे एक ट्रक को कार सवार बदमाशों ओवरटेक कर रोककर लूट लिया। चालक को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर रोड चौपला के पास गन्ने के खेत में बांधकर डाल गए।
सुबह एक ग्रामीण ने उसकी आवाज सुनकर बंधन मुक्त कराया, तब ट्रक मालिक और पुलिस को लूट की सूचना दी जा सकी। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने मामला दर्ज कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
बुधवार की शाम चार बजे सिंभावली निवासी चालक सतेंद्र ट्रक में सस्ते गल्ले के 300 छोटे बोरे गेहूं लादकर एक दूसरे ट्रक के साथ एफसीआई से निकला था। इन दोनों ट्रकों को गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी जाना था।
ट्रक मालिक काहन सिंह ने बताया कि नो एन्ट्री के कारण दोनों ट्रकों में तेल डलवाकर मेरठ रोड पर खड़े करा दिये थे। रात्रि करीब 10 बजे दोनों ट्रक नवीन मंडी के लिए रवाना हुए। एक ट्रक तो आगे निकल गया,
लेकिन चालक सत्येन्द्र वाले ट्रक को बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने ट्रक रुकते ही चालक से कहा कि उसने उनकी कार में साइड मारी है। इससे पहले वह कुछ समझ पाता बदमाश ट्रक में सवार हो गए और चालक को गन प्वाइंट पर लेकर ट्रक को बाबूगढ़ की ओर लेकर चल दिए।
कुचेसर रोड चौपला पर रेलवे फाटक पार करने के बाद चालक को एक गन्ने के खेत में बांधकर डाल दिया गया। दो बदमाश चालक के पास बैठे रहे जबकि बाकी ट्रक को लेकर फरार हो गए। करीब दो घंटे बाद चालक के पास बैठे बदमाशों के पास फोन आया और वह भी चले गए।
बदमाशों ने चालक की आंख पर भी पट्टी बांध रखी थी। दिन निकलने पर चालक ने शोर मचाया तो किसी ग्रामीण ने उसकी आवाज सुनकर उसे बंधन मुक्त कराया। चालक ने ग्रामीण के फोन से ट्रक मालिक काहन सिंह और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बाबूगढ़ और देहात पुलिस ने बदमाशों को दबोचने के लिये कांबिंग की, लेकिन ट्रक का कुछ पता नहीं लग सका। ट्रक मालिक काहन सिंह ने बताया कि ट्रक में करीब 150 कुंतल गेहूं था। जिसकी बाजार में कीमत करीब सवा दो लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अलंकृता सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आने पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश एसओ देहात को दिये जा चुके हैं। जल्द ही ट्रक को माल सहित बरामद करने के लिये टीम का गठन किया गया है।