अज्ञात युवती की गला घोटकर हत्या करने के बाद शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। कपड़े अस्त व्यस्त होने से रेप के बाद हत्या की आशंका से महिलाओं में दहशत है। सिंभावली क्षेत्र के गांव हरोड़ा के जंगल में कुछ किसान शनिवार सुबह काम करने जा रहे थे।
इन्हें अनूपशहर गंगनहर शाखा की पटरी के किनारे झाड़ियों में करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव पड़ा दिखाई दिया। किसानों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को झाड़ी से बाहर निकलवाया।
शव की शिनाख्त न हो पाने से पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका हल्के पीले रंग की सलवार और सफेद कुर्ता पहने हुए है। मुंह और गर्दन पर पीले रंग की चुनरी का फंदा सा लगा हुआ था।
कपड़े अस्त व्यस्त होने से रेप के बाद हत्या कर शव को नहर किनारे झाड़ी में फेंके जाने की चर्चा है। जिससे आसपास के गांवों की महिलाओं और स्कूल आने जाने वाली छात्राओं में अपनी सुरक्षा को लेकर दहशत व्याप्त है।
एसओ दीक्षित त्यागी का कहना है कि नहर किनारे झाड़ी में मिले अज्ञात युवती के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। से पोस्टमार्टम को भेजकर पुलिस सभी पहलुओं के आधार पर जांच पड़ताल करने में जुट गई है।